Back

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, झारखंड पुलिस का हवलदार गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 10:24 AM on 11 Jul 2026


जमशेदपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने के आरोप में आईआरबी-03, पिपरवार (चतरा) में तैनात हवलदार सुशील कुमार को चौका थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर युवाओं से लाखों रुपये, मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और ब्लैंक चेक लेने का आरोप है.

यह मामला चौका थाना क्षेत्र निवासी गुरु चरण साव की लिखित शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति खुद को जेएसएससी की पीजीटी भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर उनकी भांजी की सरकारी नौकरी पक्की कराने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहा था. बातचीत के दौरान संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर सुनियोजित ठगी का प्रतीत हुआ है. जांच के दौरान अब तक जेएसएससी या उसके किसी अधिकारी-कर्मचारी की संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं मिला है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Read more on Newsbrief