Back

मानगो के बंद मकान में मिला अज्ञात युवक का शव, सांप के काटने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 5:39 PM on 10 Jul 2026


जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित गैस गोदाम के पास हेवन पैलेस के पीछे एक बंद पड़े मकान से शुक्रवार को 30 से 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक अक्सर आसपास के इलाके में घूमता हुआ दिखाई देता था, लेकिन कोई उसकी पहचान नहीं बता सका. क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि यहां सांपों का काफी आतंक रहता है. इसी कारण आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई हो सकती है. हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास भी जारी है.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मानगो के दाईगुट्टू इलाके में भी एक नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. उस मामले में भी अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही मौत के कारणों का खुलासा हुआ है. लगातार मिल रहे अज्ञात शवों ने इलाके में लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

Read more on Newsbrief