Back

फर्जी लिंक से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 4:34 PM on 10 Jul 2026


जमशेदपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पंजाब के पटियाला निवासी कारोबारी से 3.08 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पूरे मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी.

सिटी एसपी के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को साइबर क्राइम थाना बिष्टुपुर को एनसीसीआरपी पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से शिकायत मिली थी. शिकायतकर्ता करण जैन ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फर्जी लिंक भेजा गया था. लिंक पर क्लिक करते ही साइबर अपराधियों ने उनकी निजी जानकारी हासिल कर खाते से 3.08 लाख रुपये निकाल लिए.

मामले की जांच के लिए मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई. तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने डुमरिया थाना क्षेत्र के खैरबनी निवासी विकास बारिक और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए दहीगोड़ा निवासी कृष्णा ओझा के भी गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी.

पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज, पैन व आधार कार्ड तथा गूगल पे ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी कृष्णा ओझा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.

Read more on Newsbrief