Back

छुट्टी पर घर आए CRPF जवान की हाईवा की टक्कर से मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

Brief By Newsbrief / 11:09 AM on 10 Jul 2026


चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान लक्ष्मण कुमार यादव (28) की तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से मौत हो गई. जवान बिराजपुर गांव के रहने वाले थे और करीब एक सप्ताह पहले एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को लक्ष्मण कुमार यादव बाइक से सिमरिया से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान देल्हो घाटी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग और फिर बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया. हालांकि, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी. जवान की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और इस मार्ग पर तेज रफ्तार कोयला वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Newsbrief