Back

SIR फॉर्म के नाम पर उगाही का आरोप, गढ़वा में महिला BLO का वीडियो वायरल

Brief By Newsbrief / 7:31 PM on 09 Jul 2026


गढ़वा जिले के रंका प्रखंड स्थित खपरो पंचायत के गोरयाबांध टोला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान एक महिला बीएलओ पर फॉर्म भरने और जमा कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बीएलओ जमीला बीबी कथित तौर पर SIR फॉर्म देने और भरने के एवज में 50 से 100 रुपये तक "खर्चा-पानी" के नाम पर मांग करती हुई दिखाई दे रही हैं. हालांकि इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.

मामले की पड़ताल के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फॉर्म भरने और जमा कराने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने SIR फॉर्म भर लिया है, लेकिन पैसे की मांग के कारण अब तक उसे जमा नहीं कराया. ग्रामीणों के अनुसार, बीएलओ के घर पर फॉर्म भरवाने वालों की भीड़ भी लगी रहती है. जांच के दौरान बीएलओ अपने घर पर नहीं मिलीं. बताया गया कि वह प्रखंड कार्यालय गई हुई थीं.

दूसरी ओर, बीएलओ जमीला बीबी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया और दावा किया कि अब तक वह करीब 170 SIR फॉर्म भर चुकी हैं तथा किसी भी लाभार्थी से इसकी पुष्टि कराई जा सकती है. फिलहाल वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों के बाद मामला चर्चा में है. प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

Read more on Newsbrief