Brief By Newsbrief / 7:26 PM on 09 Jul 2026
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई. तमोलिया केला गोदाम के पास हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन पर काना बाबू नामक युवक को गोली मारने का आरोप है. राहत की बात यह रही कि गोली युवक के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है. सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है. इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.