Brief By Newsbrief / 5:48 PM on 09 Jul 2026
पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप जब्त की है. गुप्त सूचना के आधार पर जादूगोड़ा–मुसाबनी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान एक संदिग्ध टाटा मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 25 कार्टन में 300 बोतल किंगफिशर बीयर और एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद हुई. पुलिस ने शराब की खेप और वाहन दोनों को जब्त कर लिया.
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि पूछताछ में चालक जानूम सिंह सुंडी और खलासी सोमा पूर्ति ने खुलासा किया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी. जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन बुधराम बेसरा का ही है.
पुलिस ने चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी और वाहन मालिक बुधराम बेसरा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस मामले में मुसाबनी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 274 और 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.