Back

निवेश, रोजगार और कानून-व्यवस्था पर भाजपा का हमला, मुख्यमंत्री से सात वर्षों का हिसाब मांगा

Brief By Newsbrief / 5:37 PM on 09 Jul 2026


रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने राज्य सरकार की निवेश नीति और रोजगार के दावों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स मीट के बीच सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरों और निवेश कार्यक्रमों से अब तक झारखंड को कितना वास्तविक निवेश मिला और कितनी परियोजनाएं धरातल पर उतरीं. उन्होंने सरकार से इस संबंध में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की.

संदीप वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और राज्य में उद्योगों के विकास के नाम पर केवल बड़े-बड़े वादे कर रही है, जबकि जमीनी स्थिति अलग है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने सात वर्षों के कार्यकाल का हिसाब दें और बताएं कि इस दौरान कितने बड़े उद्योग स्थापित हुए तथा उनसे कितने स्थायी रोजगार पैदा हुए. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि दिल्ली में आयोजित निवेश बैठक में राज्य के वित्त मंत्री की अनुपस्थिति गंभीर विषय है.

भाजपा ने आईटी पार्क, स्टार्टअप हब, पर्यटन विकास, सिंगल विंडो सिस्टम, कानून-व्यवस्था, रंगदारी, अवैध खनन और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा. संदीप वर्मा ने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में ठोस परिणाम चाहती है. उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी.

Read more on Newsbrief