Brief By Newsbrief / 4:21 PM on 09 Jul 2026
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दुमका जिले के सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर जमीन से संबंधित जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने के एवज में 25 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, मंडलडीह गांव निवासी दीपक दास ने एसीबी से शिकायत की थी कि उनकी जमीन की जांच रिपोर्ट आगे भेजने के लिए प्रधान लिपिक रिश्वत की मांग कर रहा है. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए.
इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया. तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को 5 हजार रुपये दिए. जैसे ही आनंद भारद्वाज ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुमका ले जाकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया. अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन इस कार्रवाई की चर्चा करते रहे. एसीबी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा.