Brief By Newsbrief / 4:17 PM on 09 Jul 2026
राजधानी रांची में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. गुरुवार को मंदिर परिसर में पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें मेले की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.
बैठक में रथ यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए समन्वित कार्ययोजना लागू करने को कहा.
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए. इसके अलावा रथ यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और लगातार निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मेला समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे. पुलिस मुख्यालय ने भरोसा दिलाया कि हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के आस्था के इस महापर्व में शामिल हो सकें.