Back

रांची के सबसे पॉश इलाके अशोक नगर में में चोरों का तांडव, करोड़ों के गहने लेकर फरार

Brief By Newsbrief / 4:07 PM on 09 Jul 2026


राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में शामिल अशोक नगर में देर रात चोरी की दो बड़ी वारदातों ने सनसनी फैला दी. बदमाशों ने चर्चित बिल्डर निशित केसरी और कारोबारी अखिलेश पांडे के घरों को निशाना बनाया. अखिलेश पांडे के घर में पाइप के सहारे घुसे चोर करोड़ों रुपये के कीमती गहने लेकर फरार हो गए.

वहीं निशित केसरी के घर में सुरक्षा व्यवस्था के चलते बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके. संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तैनात बॉडीगार्ड एके-47 राइफल लेकर बाहर निकला. घर की जांच के दौरान अचानक राइफल से मिसफायर हो गया और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. प्रारंभिक जांच में पता चला कि बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरा ढक रखा था. हालांकि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि एक घर में चोरी हुई है, जबकि दूसरे घर में चोरी की कोशिश विफल रही. सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

Read more on Newsbrief