Back

SIR फॉर्म भरने के नाम पर वसूले जा रहे थे पैसे, धनबाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आधार सेंटर सील

Brief By Newsbrief / 4:03 PM on 09 Jul 2026


धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर को सील कर दिया. आरोप है कि यहां SIR एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के नाम पर लोगों से 50 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे थे. शिकायत मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे ने गुरुवार को छापेमारी की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर सेंटर को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि संचालक की तलाश जारी है.

एसडीएम ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर पूरे झारखंड में SIR अभियान चल रहा है. इसी दौरान सूचना मिली थी कि संबंधित आधार सेंटर पर अनधिकृत तरीके से पैसे लेकर फॉर्म भरे जा रहे हैं. प्रशासन अब ऐसे अन्य सेंटरों पर भी नजर रखे हुए है, जहां चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली की आशंका है.

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें. यदि किसी को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो अपने क्षेत्र के BLO, सुपरवाइजर या अधिकृत वॉलंटियर से सहायता लें. किसी साइबर कैफे, आधार सेंटर या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाने से गलत जानकारी दर्ज होने का खतरा रहता है.

एसडीएम ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में गलत सूचना देकर नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Newsbrief