Brief By Newsbrief / 3:38 PM on 09 Jul 2026
झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक के पास एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई. मृतका की पहचान बिहार के गया जिले की रहने वाली गुड़िया देवी के रूप में हुई है. वह प्रसव के लिए अपने मायके चौपारण थाना क्षेत्र के रेमो करमा गांव आई हुई थीं.
परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने पर बुधवार को उन्हें झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. परिवार का दावा है कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य थी. हालांकि, अगले दिन सुबह अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत की सूचना दी, जिससे परिजन आक्रोशित हो गए.
घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और महिला की मौत का कारण पूछते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
वहीं, अस्पताल के चिकित्सक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर करने की सलाह दी गई थी. डॉक्टर के अनुसार, परिजनों ने रेफर कराने से इनकार कर अस्पताल में ही इलाज जारी रखने का आग्रह किया था.
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं.