Back

जमशेदपुर गैंगरेप केस में पुलिस की बड़ी सफलता, 6 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त

Brief By Newsbrief / 2:54 PM on 09 Jul 2026


जमशेदपुर में गैंगरेप के एक मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य सामान बरामद कर जब्त किया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है. दोनों पेशे से ड्राइवर हैं. एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर हालत में पड़ी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए, जहां उसे शराब पिलाने के बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए.

पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Read more on Newsbrief