Brief By Newsbrief / 5:34 PM on 08 Jul 2026
जमशेदपुर के बहुचर्चित DD बार हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लंबे समय से फरार चल रहा 2 लाख रुपये का इनामी मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. उसने न्यायिक दंडाधिकारी विशाल गौरव की अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है.
यह मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित DD बार में हुई चाकूबाजी की घटना से जुड़ा है. आरोप है कि विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू से हमला किया था. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह बच गए. घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला था और कई सामाजिक संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था.
मामले की जांच के लिए पुलिस ने SIT का गठन किया था. लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसके बाद उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया. अब उसके सरेंडर के बाद पुलिस हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच तेज करेगी. इस मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि DD बार के मालिक नीरज सिंह को भी राजस्थान से गिरफ्तार कर पूछताछ की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी.