Back

धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा. संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

Brief By Newsbrief / 5:07 PM on 06 Jul 2026


धनबाद: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे. समाहरणालय में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की. बैठक से पहले एसएसपी प्रभात कुमार ने उनका स्वागत किया. बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

आईजी ने अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

बैठक के दौरान हाल में फरार अपराधी प्रिंस खान की ओर से सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली कथित धमकी के संबंध में भी चर्चा हुई. इस पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले से कानूनी कार्रवाई चल रही है और पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा. जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं. साथ ही संगठित अपराध से जुड़े सभी तत्वों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Read more on Newsbrief