Back

गैंगस्टर प्रिंस खान की धमकी पर पुलिस सख्त. SSP से मिले विधायक अरूप चटर्जी

Brief By Newsbrief / 4:40 PM on 06 Jul 2026


धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सोमवार को समाहरणालय में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पहले दी गई लिखित शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की.

मीडिया से बातचीत में अरूप चटर्जी ने बताया कि एसएसपी के साथ विस्तृत चर्चा हुई है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा के मद्देनजर पहले उनके साथ दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिन्हें बढ़ाकर अब चार कर दिया गया है.

हालांकि, विधायक ने कहा कि केवल सुरक्षा बढ़ाना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. उनका कहना था कि पुलिस को अपराधियों के पूरे नेटवर्क, उनकी गतिविधियों और कार्यप्रणाली पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए. इससे भविष्य में जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को ऐसी धमकियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और उनके तंत्र को पूरी तरह खत्म करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

वहीं, बोकारो में सांसद ढुलू महतो के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि सांसद लगातार बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं हैं और सार्वजनिक जीवन की गरिमा को प्रभावित करती हैं.

Read more on Newsbrief