Brief By Newsbrief / 4:10 PM on 06 Jul 2026
रांची: झारखंड सरकार ने रियल एस्टेट क्षेत्र को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकरण (झारखंड रेरा) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं, सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोमवार को राज्यपाल की मंजूरी के बाद इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी.
सरकार के अनुसार, दोनों नियुक्तियां भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 और झारखंड भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) नियमावली, 2017 के प्रावधानों के तहत की गई हैं. यह निर्णय उच्च स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है.
झारखंड रेरा राज्य में रियल एस्टेट परियोजनाओं के पंजीकरण, निगरानी, बिल्डरों और खरीदारों के बीच विवादों के समाधान तथा आवासीय परियोजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली प्रमुख वैधानिक संस्था है. ऐसे में प्रशासनिक और न्यायिक अनुभव रखने वाले अजय कुमार सिंह और नलिन कुमार की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सरकार को उम्मीद है कि नई टीम के नेतृत्व में झारखंड रेरा की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेशकों और घर खरीदारों का भरोसा भी मजबूत होगा.