Brief By Newsbrief / 2:19 PM on 06 Jul 2026
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक वारंटी और चेन स्नेचिंग के आरोपी अभिषेक कुमार को पकड़ने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नीतिबाग कॉलोनी स्थित अपने घर में छिपा है. टीम जैसे ही उसे गिरफ्तार करने पहुंची, उसने घर का दरवाजा बंद कर लिया और छत पर चढ़ गया. पुलिस के करीब आने पर वह एक छत से दूसरी छत पर कूदते हुए भागने लगा.
बताया जाता है कि आरोपी ने करीब छह मकानों की छतें पार कीं, लेकिन भागने के दौरान दो दीवारों के बीच फंस गया. इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान उसे चोटें भी आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. करीब ढाई घंटे तक चले अभियान के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रविवार रात भुइयांडीह चौक के पास रहने वाली महिला रंभा देवी से चेन स्नेचिंग की थी. शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसकी पहचान हुई. अभिषेक कुमार के खिलाफ सीतारामडेरा समेत शहर के विभिन्न थानों में मारपीट और अन्य कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. कार्रवाई में सीतारामडेरा के साथ सिदगोड़ा और गोविंदपुर थाना पुलिस भी शामिल रही. पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी से बड़ी राहत मिली है.