Back

धनबाद में भीषण सड़क हादसा, रॉन्ग साइड से आ रही कार हाइवा से टकराई, चालक गंभीर

Brief By Newsbrief / 12:41 PM on 06 Jul 2026


धनबाद. धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र स्थित 8 लेन सड़क पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक कार की सामने से आ रहे हाइवा से आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दाहिनी ओर के दोनों दरवाजे और छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम और बाद में भूली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों वाहनों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शी दीपक कुमार के अनुसार, कार तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी. सामने से हाइवा आने पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई.

बरवाअड्डा थाना के एसआई नागेश श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया. फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. हाइवा को जब्त कर लिया गया है. फरार चालक की तलाश जारी है और दुर्घटना के कारणों तथा लापरवाही की जांच की जा रही है.

Read more on Newsbrief