Brief By Newsbrief / 11:03 AM on 06 Jul 2026
रांची. राजधानी रांची के होटवार स्टेडियम परिसर में 10 से 12 जुलाई तक प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी की तीन दिवसीय श्रीकृष्ण कथा का आयोजन होगा. कथा के दौरान वे 'नानी बाई का मायरा' प्रसंग के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और जीवन मूल्यों का संदेश देंगी. कार्यक्रम में भजन संध्या और अन्य भक्तिमय प्रस्तुतियां भी होंगी.
आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा. कार्यक्रम का आयोजन द ग्लोबल बिजनेस वेंचर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है. आयोजकों के अनुसार, प्रवेश सदस्यता कूपन के आधार पर होगा.
वीवीआईपी पास के लिए 25 हजार रुपये, वीआईपी पास के लिए 8 हजार रुपये और सामान्य प्रवेश पास के लिए 4 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
आयोजन समिति ने 5,000 श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रवेश की भी व्यवस्था की है. इसके लिए इच्छुक लोगों को लालपुर स्थित कार्यालय में पहले पंजीकरण कराना होगा. समय पर पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को ही मुफ्त प्रवेश का लाभ मिलेगा.
जया किशोरी अपनी श्रीकृष्ण कथाओं, भजनों और प्रेरक विचारों के कारण देश-विदेश में लोकप्रिय हैं. सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं. युवा वर्ग के बीच उनकी आध्यात्मिक और प्रेरणादायक शैली को विशेष रूप से पसंद किया जाता है.