Back

आसंगी चेकडैम में नहाने गए दो किशोर डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

Brief By Newsbrief / 6:30 PM on 04 Jul 2026


सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेकडैम में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे में आदित्यपुर के एस टाइप निवासी 15 वर्षीय लव कुमार का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि 15 वर्षीय उत्सव कुमार का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका. उसकी तलाश में गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद लव कुमार का शव डैम से बाहर निकाला गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, उत्सव की तलाश जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों किशोर अपने घर वालों को बिना बताए नहाने के लिए चेकडैम पहुंचे थे. नहाने के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दूसरा किशोर भी गहराई में चला गया. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल.

घटना की सूचना मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन डैम पहुंच गए। लापता किशोर के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आसंगी चेकडैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इस हादसे के बाद एक बार फिर डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

Read more on Newsbrief