Brief By Newsbrief / 2:00 PM on 04 Jul 2026
बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी मोहल्ले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. वार्ड संख्या-35 में गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी ओम पांडे के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को शिवपुरी मोहल्ले में लाकर फेंक दिया गया.
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव से कुछ दूरी पर खून से सना एक फुल टी-शर्ट भी मिला, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मौके से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर सदर डीएसपी गौरव पांडे, फॉरेंसिक टीम और अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है.