Back

बारिश में डूब जाता है पलामू का वार्ड 26, जलजमाव से लोग बेहाल

Brief By Newsbrief / 1:28 PM on 03 Jul 2026


मेदिनीनगर : नगर निगम के वार्ड 26 के पहाड़ी मुहल्ला, गमहेल-मैल्ट्रीमैन रोड, राहत नगर, झोपड़पट्टी सहित कई इलाकों में हर वर्ष बरसात लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। बारिश होते ही सड़कें और गलियां जलमग्न हो जाती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की स्थिति नारकीय हो जाती है। कई दिनों तक पानी जमा रहने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे सैकड़ों परिवारों को घरों में कैद जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। बच्चों की स्कूल जाने और पढ़ाई करने की नियमित व्यवस्था बाधित हो जाती है, जबकि महिलाओं को दैनिक जरूरतों के लिए भी घर से निकलने में कठिनाई होती है।

गंदे और ठहरे हुए पानी के कारण डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल यही समस्या दोहराई जाती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।

Read more on Newsbrief