Back

डीएसपीएमयू में तालाबंदी, खेल शिक्षक पर अवैध वसूली और यौन शोषण के आरोप

Brief By Newsbrief / 9:07 AM on 03 Jul 2026


रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) में शुक्रवार को आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) के बैनर तले छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. संगठन के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी में तालाबंदी की गई, जिसके कारण सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रहीं और कक्षाएं बंद रहीं.

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने खेल विभाग के शिक्षक परमेश्वर महतो पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में शामिल कराने के नाम पर कई खिलाड़ियों से अवैध रूप से धन की वसूली की गई. छात्रों ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और खिलाड़ियों का आर्थिक शोषण किया गया.

विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला छात्राओं ने भी खेल शिक्षक पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए. इन आरोपों के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

छात्रों का कहना है कि जब तक पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मामले को लेकर परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.

Read more on Newsbrief