Back

"दो मिनट की देरी मंजूर, सुरक्षित घर पहुंचना जरूरी", सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन का विशेष अभियान

Brief By Newsbrief / 1:55 PM on 02 Jul 2026


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है. उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड, दिशा-सूचक और जागरूकता संदेश लगा रहे हैं. 

अभियान के तहत दुर्घटना संभावित स्थानों, तीखे मोड़ों, पुल-पुलियों, स्कूलों, अस्पतालों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में विशेष संकेतक लगाए जा रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य वाहन चालकों और राहगीरों को पहले से सतर्क करना है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके. उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की. उन्होंने भावनात्मक संदेश देते हुए कहा, "दो मिनट की देरी मंजूर है, लेकिन सुरक्षित घर पहुंचना सबसे जरूरी है. घर पर आपका कोई अपना आपका इंतजार कर रहा है." उनका कहना है कि एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है.

 जिला प्रशासन का विश्वास है कि सड़क सुरक्षा संकेतकों की स्थापना, लगातार जनजागरूकता अभियान और लोगों के सहयोग से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है. प्रशासन ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है.

Read more on Newsbrief