Back

रिम्स ट्रॉमा सेंटर में बदइंतजामी की इंतहा, ट्रॉली के अभाव में एंबुलेंस में तड़पते रहे

Brief By Newsbrief / 10:36 AM on 02 Jul 2026


रांची. राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के ट्रॉमा इमरजेंसी सेंटर में बुधवार को स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर बदहाली देखने को मिली. ट्रॉली की कमी के कारण इलाज के लिए पहुंचे कई मरीजों को एंबुलेंस में ही करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा. इमरजेंसी गेट के बाहर एंबुलेंस की लंबी कतार लगी रही, जबकि मरीजों के परिजन ट्रॉली की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे. कई बार अस्पताल कर्मियों से गुहार लगाने के बावजूद समय पर ट्रॉली उपलब्ध नहीं हो सकी.

सबसे चिंताजनक बात यह रही कि इमरजेंसी गेट के सामने यह पूरी अव्यवस्था चलती रही, लेकिन व्यवस्था संभालने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी सक्रिय नजर नहीं आया. इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ट्रॉमा सेंटर का जायजा लेने पर पता चला कि वहां मरीजों की संख्या निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक थी. अधिकांश ट्रॉलियां पहले से मरीजों से भरी हुई थीं, जिसके कारण नए मरीजों को तत्काल सुविधा नहीं मिल सकी. हालात ऐसे थे कि कई गंभीर मरीजों का इलाज अस्पताल के बेड पर नहीं, बल्कि ट्रॉली पर ही किया जा रहा था. लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव और संसाधनों की कमी ने रिम्स की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Read more on Newsbrief