Brief By Newsbrief / 6:38 PM on 01 Jul 2026
साहिबगंज: तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद साहिबगंज जिले के लिए राहत भरी खबर आई है. हादसे से प्रभावित महिला श्रमिक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया है. जिला प्रशासन के लगातार समन्वय और सक्रिय प्रयासों के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर झारखंड लाने की व्यवस्था की गई है.
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने बताया कि महिला श्रमिक को तमिलनाडु से ट्रेन के माध्यम से धनबाद लाया जा रहा है. धनबाद पहुंचने के बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षित उनके गृह जिला साहिबगंज पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी. तमिलनाडु प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप महिला श्रमिक का सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका. प्रशासन पूरे समय प्रभावित श्रमिकों की स्थिति पर नजर रखे हुए था और हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया.
जिला प्रशासन ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता दी जा रही है. यदि किसी अन्य श्रमिक को भी मदद की जरूरत होगी तो प्रशासन तत्परता से सहयोग करेगा. अधिकारियों ने दोहराया कि दूसरे राज्यों में कार्यरत जिले के श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.