Brief By Newsbrief / 6:22 PM on 30 Jun 2026
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने मामले में लापरवाही और जिम्मेदारी तय करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उनके स्थान पर पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.
डबल डाउन बार के बाहर हुई हत्या के बाद से ही स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और घटनास्थल पर मुस्तैदी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे थे. मामले को लेकर पुलिस विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
इससे पहले भी इसी मामले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है. अब थाना प्रभारी पर हुई कार्रवाई को पुलिस विभाग की जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
एसएसपी पीयूष पांडेय की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ेगी और भविष्य में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अधिक सतर्कता सुनिश्चित होगी.