Back

1 जुलाई से झारखंड में एक्टिव होगा मानसून, आज कई जिलों में झमाझम बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Brief By Newsbrief / 8:11 AM on 29 Jun 2026


झारखंड में मानसून अब रफ्तार पकड़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से राज्य में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. सोमवार से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा के अलावा रांची, धनबाद, बोकारो तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में 60 से 100 मिमी तक बारिश हो सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

हालांकि, मानसून के समय से पहले पहुंचने के बावजूद झारखंड में अब तक सामान्य से 62 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 28 जून के बीच जहां 170.3 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 65.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.

राज्य के कुछ इलाकों, खासकर डाल्टनगंज, जमशेदपुर, गढ़वा और पलामू में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि जमशेदपुर और धनबाद में 36 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

Read more on Newsbrief