Brief By Newsbrief / 7:17 PM on 27 Jun 2026
साहिबगंज : 30 जून को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय संथाल हूल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर साहिबगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. उपायुक्त दीपक कुमार दूबे और पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने भोगनाडीह स्थित अमर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू स्मृति स्थल का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि हूल दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आगंतुक भोगनाडीह पहुंचते हैं. इसे देखते हुए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन की सुविधाएं पहले से दुरुस्त कर ली जाएं. उन्होंने पर्याप्त कुर्सियां, पानी के टैंकर, पेयजल डिस्पेंसर और सभी शौचालयों को पूरी तरह चालू रखने के निर्देश दिए.
उन्होंने स्मृति स्थल और पार्क परिसर की साफ-सफाई, घास की कटाई, सौंदर्यीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्य 29 जून तक पूरा करने को कहा. साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार, रेलिंग और पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने का भी निर्देश दिया.
रात्रि के दौरान सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त हैलोजन, स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट की जांच करने तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया. भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश-निकास व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारियों की तैनाती और जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.