Back

गढ़वा कस्तूरबा विद्यालय में फिर बिगड़ी 8 छात्राओं की तबीयत, अभिभावकों का हंगामा, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

Brief By Newsbrief / 4:04 PM on 27 Jun 2026


गढ़वा जिले के खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं के बीमार होने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को 100 से अधिक छात्राओं के विषाक्त भोजन और टंकी का गर्म पानी पीने से बीमार पड़ने के बाद शनिवार को फिर आठ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. इससे नाराज अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और ग्रिल तोड़कर परिसर में प्रवेश कर जमकर हंगामा किया. हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा के उपायुक्त तत्काल मौके पर पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण किया. जांच में विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद उन्होंने एक कर्मी को छोड़कर सभी कर्मचारियों को तत्काल सेवा मुक्त कर दिया. साथ ही एसडीएम को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.

इसके बाद उपायुक्त भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बीमार छात्राओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं का इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं. विद्यालय में मौजूद अन्य छात्राओं को भी विशेष निगरानी में रखा गया है.

उपायुक्त ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, उन्होंने अभिभावकों की नाराजगी को स्वाभाविक बताया, लेकिन स्पष्ट कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

Read more on Newsbrief