Back

गढ़वा के कस्तूरबा स्कूल में बड़ा हादसा, दूषित भोजन और गर्म पानी से 100 से ज्यादा छात्राएं बीमार

Brief By Newsbrief / 11:55 AM on 27 Jun 2026


गढ़वा  गढ़वा जिले के खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. कथित तौर पर दूषित भोजन खाने और भीषण गर्मी में टंकी का गर्म पानी पीने से 100 से अधिक छात्राएं बीमार पड़ गईं. सभी छात्राओं को आनन-फानन में भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, दोपहर में छात्राओं को पुआ और चावल परोसा गया था. बिजली नहीं रहने के कारण पानी की टंकी का पानी काफी गर्म हो गया था, जिसे पीने के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी. शाम तक पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत के बाद छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ती गई. आरोप है कि विद्यालय में जेनरेटर होने के बावजूद पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें बच्चियों से मिलने से रोक दिया गया. इसके बाद हंगामा शुरू हो गया. सूचना पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी छात्राओं को अस्पताल भेजा गया.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग और अत्यधिक गर्मी में गर्म या दूषित पानी पीने का प्रतीत होता है. सभी छात्राओं का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. वहीं, परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.

Read more on Newsbrief