Brief By Newsbrief / 5:38 PM on 26 Jun 2026
रांची : झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है. परिषद के इस फैसले से उन हजारों छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा, जो अब तक किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे.
JAC की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह सुविधा प्रारंभिक वर्षों से लेकर वर्ष 2024 तक आयोजित सभी परिषद परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के लिए लागू होगी. इसके तहत छात्र-छात्राएं पंजीयन रसीद, प्रवेश पत्र, अंकपत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, मूल प्रमाण पत्र सहित अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों में निर्धारित नियमों के अनुसार नाम, जन्मतिथि और अन्य स्वीकृत त्रुटियों का सुधार करा सकेंगे.
परिषद ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेजों के अलावा न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष तैयार किया गया शपथ पत्र (एफिडेविट) जमा करना अनिवार्य होगा. अधूरे दस्तावेजों के साथ प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
JAC ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूलों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन करें. परिषद का कहना है कि लंबे समय बाद दस्तावेजों में संशोधन कराना कई बार जटिल प्रक्रिया बन जाता है, क्योंकि इन प्रमाण पत्रों का उपयोग उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है. इसलिए समय रहते दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक सुधार कराना ही बेहतर होगा.