Back

हलुदबानी तालाब में मिला अज्ञात शव, पहचान में जुटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 1:46 PM on 26 Jun 2026


जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुदबानी पारा टोला स्थित अभिनाश तालाब से शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तालाब के पास जुट गए. सूचना पर पहुंची परसुडीह थाना पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, 

हलुदबानी के छुटकी टोला की कुछ महिलाएं रोज की तरह सुबह तालाब में स्नान करने पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था कि वह दो से तीन दिन पुराना है. शव से दुर्गंध भी आने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह काफी समय से तालाब में पड़ा हुआ था. 

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

Read more on Newsbrief