Brief By Newsbrief / 12:18 PM on 26 Jun 2026
धनबाद : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है. पूरे जिले में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके साथ ही जुलूस के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए ट्रैफिक रूट में भी अस्थायी बदलाव किया गया है.
प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से मुहर्रम जुलूस की समाप्ति तक नई यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. इस दौरान श्रमिक चौक से गया पुल और बैंक मोड़ की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों के लिए शाम 4 बजे से विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं. गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, केंदुआडीह, झरिया, भूदा, बलियापुर, हीरापुर, भूली और धनबाद नगर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा. कई प्रमुख मार्गों पर नो एंट्री लागू रहेगी, जबकि कुछ स्थानों से वाहनों को वापस लौटना होगा.
उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दें.