Back

मुहर्रम पर धनबाद प्रशासन अलर्ट, सात जोन में बांटा जिला; डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

Brief By Newsbrief / 4:29 PM on 25 Jun 2026


धनबाद : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

प्रशासन ने पूरे जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर और टुंडी सहित सात जोन में विभाजित किया है. प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहेंगे. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस का चलंत दस्ता लगातार गश्त करेगा, जबकि क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान निकलने वाले सभी ताजिया जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों, विशेष रूप से डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही ताजिया और झंडों की ऊंचाई झारखंड हाईकोर्ट, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप ही रखनी होगी। इन्हीं मानकों के आधार पर जुलूसों को अनुमति दी जाएगी.

इसके अलावा जिन मार्गों से ताजिया जुलूस गुजरेंगे, वहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों, विशेषकर हाइवा के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई जाएगी. प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.

Read more on Newsbrief