Back

लोहरदगा में भीषण अग्निकांड, फर्नीचर शोरूम और गोदाम जलकर राख, लाखों का नुकसान

Brief By Newsbrief / 5:11 PM on 24 Jun 2026


लोहरदगा. जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित कुंदों मोड़ के समीप मंगलवार देर रात एक फर्नीचर शोरूम सह गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य के फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान जलकर राख हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात शोरूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. इसके बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं. आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग लगातार विकराल रूप धारण करती गई.

फर्नीचर और लकड़ी जैसे ज्वलनशील सामान अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई. देखते ही देखते पूरा शोरूम और गोदाम आग की चपेट में आ गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई.

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक प्रतिष्ठान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था.

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. इस घटना से शोरूम संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

Read more on Newsbrief