Brief By Newsbrief / 12:38 PM on 24 Jun 2026
साहिबगंज: जिले के तालझारी प्रखंड मुख्यालय के समीप करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित हो रहा 100 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिछले लगभग एक दशक से अधूरा पड़ा है. समय के साथ यह महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना अब लोगों के लिए उम्मीद की किरण के बजाय एक जर्जर और खंडहरनुमा भवन में तब्दील हो चुकी है. स्थानीय लोग इसे अब ‘भूत बंगला’ के नाम से पुकारने लगे हैं.
अस्पताल भवन को जल्द चालू कराने की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) एसटी मोर्चा के साहिबगंज जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पहाड़िया ने उपायुक्त दीपक दुबे को आवेदन सौंपा है. उन्होंने कहा कि तालझारी प्रखंड आदिम जनजातीय समुदाय (PVTG) बहुल क्षेत्र है, जहां सौरिया पहाड़िया, माल पहाड़िया, आदिवासी और अन्य समुदायों की बड़ी आबादी निवास करती है. इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों को आज तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं.
राजेन्द्र पहाड़िया ने बताया कि तालझारी से जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल की दूरी 30 से 40 किलोमीटर है. किसी आकस्मिक बीमारी, प्रसव या सड़क दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे कई बार समय पर इलाज नहीं मिल पाता. गरीब और मजदूर वर्ग के लिए निजी अस्पतालों में इलाज कराना भी आसान नहीं है.
उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल भवन आज तक जनता को समर्पित नहीं किया गया. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अस्पताल को शीघ्र चालू कर क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की मांग की है.