Brief By Newsbrief / 5:45 PM on 23 Jun 2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत की जुताई के दौरान जमीन के भीतर से एक संदिग्ध बमनुमा वस्तु बरामद हुई. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई.
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो गांव निवासी मदन हेम्ब्रम के खेत की जुताई कर रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर किसी भारी और कठोर वस्तु से टकरा गया, जिससे तेज आवाज हुई. चालक ने ट्रैक्टर रोककर जांच की तो मिट्टी के अंदर धातु से बनी एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसका आकार बम जैसा प्रतीत हो रहा था.
ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए वस्तु को खेत से निकालकर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर रख दिया. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि इसका वजन लगभग 30 किलोग्राम हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और संदिग्ध वस्तु के पास नहीं जाने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों की टीम से वस्तु की जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह वास्तव में विस्फोटक सामग्री है या कोई अन्य धातु की वस्तु.
गौरतलब है कि हाल ही में पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में भी पुराने बम मिलने का मामला सामने आया था. ऐसे में प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है और हर पहलू की जांच की जा रही है.