Brief By Newsbrief / 4:15 PM on 23 Jun 2026
रांची : राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित अंगारा के सहारजोरी जंगल में युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि युवती के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसके बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं, पहचान मिटाने और अपराध के सबूत खत्म करने के लिए आरोपियों ने युवती के ऊपर गाड़ी भी चढ़ा दी थी.
पुलिस के अनुसार, युवती 19 जून को अपने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इसी दौरान रविवार को सहारजोरी जंगल से एक महिला का शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई. इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच तेज की. जांच के दौरान तीन आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.