Brief By Newsbrief / 3:50 PM on 23 Jun 2026
जपला (पलामू): भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सोमवार को जपला स्थित भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल है. देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी करोड़ों देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है.
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामप्रवेश सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संघर्ष भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रवाद के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है. उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
युवा नेता सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया.