Back

सलून की आड़ में चल रहा था गांजे का धंधा, ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस ने किया भंडाफोड़

Brief By Newsbrief / 7:03 PM on 22 Jun 2026


रांची : राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में तमाड़ थाना क्षेत्र में एक सलून की आड़ में चल रहे अवैध गांजा कारोबार का खुलासा हुआ है. पुलिस ने छापेमारी कर 3.9 किलो गांजा बरामद किया और सलून संचालक तीजनाथ हजाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मां होटल के पास पतरा जंगल जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक सलून में अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सलूननुमा गुमटी पर छापा मारा. तलाशी के दौरान दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. मौके पर मौजूद दुकान मालिक तीजनाथ हजाम, उम्र 44 वर्ष, निवासी देउड़ी, थाना तमाड़, जिला रांची से बरामद गांजे के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.

इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. मामले में तमाड़ थाना कांड संख्या 36/2026, दिनांक 21 जून 2026 के तहत NDPS Act की धारा 20 में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.

Read more on Newsbrief