Brief By Newsbrief / 4:53 PM on 22 Jun 2026
रामगढ़ जिले के सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सीसीएल कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामले की चर्चा तेज हो गई है.
जानकारी के अनुसार, सीसीएल के सौंदा रीजनल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी अरुण सिन्हा को सीबीआई की टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा. बताया जा रहा है कि यह रकम मजदूर तिलेश्वर मांझी से ली जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया.
सूत्रों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में करीब 14 अधिकारियों और कर्मियों की सीबीआई टीम शामिल थी. गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. इसके अलावा उसके आवास पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई.
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने आरोपी से सीसीएल गेस्ट हाउस में कई घंटों तक पूछताछ की. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है.
फिलहाल सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.