Back

मानवता की अनोखी मिसाल: दो गांवों के विवाद के बीच थाना प्रभारी ने दिया शव को कंधा, कराया अंतिम संस्कार

Brief By Newsbrief / 2:53 PM on 22 Jun 2026


लोहरदगा. जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अंतिम संस्कार को लेकर दो गांवों के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद को पुलिस ने सूझबूझ से सुलझाया. इस दौरान सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्वयं शव को कंधा दिया और अंतिम संस्कार संपन्न कराने में सहयोग किया.

जानकारी के अनुसार अलौदी पंचायत के अलौदी गांव और भड़गांव पंचायत के पारही डांड़ी टोली के ग्रामीणों के बीच शवदाह को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था. पारही डांड़ी निवासी एक वृद्ध व्यक्ति का दो दिन पूर्व निधन हो गया था. परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने श्मशान घाट में शव जलाने का विरोध शुरू कर दिया.

विरोध करने वाले ग्रामीणों का कहना था कि दूसरे गांव का शव उनके गांव की सीमा में जलाने से भूत-प्रेत का प्रकोप बढ़ सकता है. वहीं श्मशान घाट की सीमा को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मृतक का अंतिम संस्कार दो दिनों तक नहीं हो सका.

मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों के ग्रामीणों से बातचीत कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया. इसके बाद स्वयं शव को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाने में सहयोग किया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई.

थाना प्रभारी की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है. ग्रामीणों ने भी उनके मानवीय व्यवहार और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है.

Read more on Newsbrief