Back

ट्रेलर की चपेट में आई बाइक, युवक ने कूदकर बचाई जान, टला बड़ा हादसा

Brief By Newsbrief / 1:53 PM on 22 Jun 2026


सरायकेला. सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर खपरसाई स्थित संजय नदी के पुराने पुल के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया. ट्रेलर के पीछे होने के दौरान एक बाइक उसकी चपेट में आ गई, लेकिन बाइक सवार युवक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली. इस घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

जानकारी के अनुसार खरसावां प्रखंड के शिमला गांव निवासी बिकास पुथाल अपनी हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर बाइक से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे. खपरसाई स्थित गोविंदपुर के पास संजय नदी के पुराने पुल पर वाहनों की आवाजाही के कारण उन्होंने अपनी बाइक रोक दी थी. बाइक के आगे एक ट्रेलर खड़ा था.

इसी दौरान सामने से एक बोलेरो पुल पर आ गई. बोलेरो को रास्ता देने के लिए ट्रेलर चालक ने अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया. पीछे खड़ी बाइक चालक की नजर से ओझल हो गई और ट्रेलर की चपेट में आ गई. खतरे को भांपते हुए बिकास पुथाल तुरंत बाइक से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई. हालांकि ट्रेलर बाइक को कई फीट तक घसीटता रहा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. बाइक की क्षति की भरपाई को लेकर ट्रेलर चालक और बाइक मालिक के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई. स्थानीय लोगों ने बताया कि पुराने पुल पर अक्सर जाम और दुर्घटना की स्थिति बनती है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और युवक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया.

Read more on Newsbrief