Brief By Newsbrief / 10:46 AM on 22 Jun 2026
रांची. रांची में सामने आए संदिग्ध आतंकी नेटवर्क और राणा कनेक्शन की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) गिरफ्तार आरोपित अमन अंसारी और सायन को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है. एजेंसी को उम्मीद है कि दोनों से पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं.
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले में देश और विदेश से जुड़े संपर्कों, फंडिंग के स्रोतों तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल सकती है. एटीएस फिलहाल दोनों आरोपितों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और यात्रा संबंधी विवरणों को खंगाल रही है.
मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपित सैफ की तबीयत फिलहाल ठीक नहीं बताई जा रही है. स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद एटीएस उससे भी गहन पूछताछ करेगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि सैफ से पूछताछ के दौरान विदेशी संपर्कों और नेटवर्क के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं.
जांच के दौरान एटीएस को यह भी जानकारी मिली है कि अमन अंसारी दुबई जाने से पहले ओमान गया था. हालांकि ओमान में उसे कोई रोजगार नहीं मिल पाया और वह करीब 10 दिनों के भीतर वापस लौट आया था. एजेंसी अब उसकी विदेश यात्राओं, वहां बने संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है.
एटीएस का मानना है कि रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से पूरे नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं और मामले में कई नए खुलासे सामने आ सकते हैं.