Back

भारतीय महिला हॉकी टीम का दमदार प्रदर्शन, चिली को 6-0 से हराकर फाइनल में बनाई जगह

Brief By Newsbrief / 12:57 PM on 20 Jun 2026


ऑकलैंड: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए चिली को 6-0 से करारी शिकस्त दी और लगातार चौथी जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली. कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में टीम इंडिया ने मैच के शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.

भारत के लिए नवनीत कौर ने छठे और 13वें मिनट में दो गोल दागे. इसके बाद ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका ने 14वें और 18वें मिनट में लगातार दो गोल कर भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी. इस प्रदर्शन के साथ दीपिका टूर्नामेंट में छह गोल के साथ शीर्ष गोल स्कोरर भी बन गई हैं.

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का आक्रमण जारी रहा. नेहा ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 5-0 कर दी. वहीं रुतुजा दादासो पिसाल ने 39वें मिनट में शानदार रिवर्स हिट के जरिए छठा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी.

मैच के अंतिम क्वार्टर में चिली ने कुछ हमले किए, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता ने बेहतरीन बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. कप्तान सलीमा टेटे को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

अब भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में अमेरिका और मेजबान न्यूजीलैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी. भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने खिताब जीतने की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है.

Read more on Newsbrief