Brief By Newsbrief / 6:17 PM on 19 Jun 2026
रांची: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की आयुष स्वास्थ्य उप समिति द्वारा 21 जून को चैंबर भवन में विशेष योगासन एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक डॉ. लालचंद बगड़िया एक्यूप्रेशर संस्थान के सहयोग से संपन्न होगा.
आयुष स्वास्थ्य उप समिति की बैठक में कहा गया कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली, बढ़ते मानसिक तनाव और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी और वैज्ञानिक जीवन पद्धति के रूप में उभरा है. योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है.
बैठक में बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता, रोग प्रतिरोधक क्षमता और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है. यही कारण है कि भारत की इस प्राचीन परंपरा को आज पूरी दुनिया में अपनाया जा रहा है और इसे वैश्विक पहचान मिली है.
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराएंगे. साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए जाएंगे.
उप समिति के चेयरमैन रामशंकर बगड़िया ने चैंबर के सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा सकता है.