Back

आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस की चपेट में आईं 12 भैंसें, सात की मौत

Brief By Newsbrief / 5:32 PM on 19 Jun 2026


लोहरदगा: लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14022 की चपेट में आने से सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए लोहरदगा के रास्ते रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुडू थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के समीप अचानक 12 भैंसों का झुंड रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। ट्रेन चालक को भैंसों के ट्रैक पर होने की जानकारी तब मिली, जब ट्रेन काफी नजदीक पहुंच चुकी थी। तेज रफ्तार के कारण ट्रेन को समय रहते रोक पाना संभव नहीं हो सका और ट्रेन सीधे भैंसों से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सात भैंसों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी रेलवे और स्थानीय प्रशासन को भी दी गई।

इस हादसे से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, रेलवे ट्रैक पर मवेशियों के पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रेलवे और प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Read more on Newsbrief